संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम का परिचालक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिचालक ज्योरीपतन-कीरतपुर रूट पर बस लेकर गया था लेकिन कीरतपुर पहुंचने के बाद लापता हो गया। बिलासपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक और परिजनों की तरफ कीरतपुर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।
जानकारी के अनुसार परिचालक जलालदीन निवासी गांव दगड़ाहन तहसील स्वारघाट जिला बिलासपुर शनिवार सुबह 8 बजे ज्योरीपतन से कीरतपुर रूट पर गया था। बस 10 बजे तक कीरतपुर पहुंची। कीरतपुर रेलवे स्टेशन के पास बस को खड़ा कर चालक और परिचालक ने नजदीक के एक ढाबे पर खाना खाया।
इसके बाद चालक ढाबे पर ही आराम करने लगा और परिचालक जलालदीन कहीं चला गया लेकिन शाम 4 बजे ज्योरीपतन के लिए वापसी का समय होने पर भी जब परिचालक नहीं पहुंचा तो चालक ने खोजबीन शुरू की।
परिचालक का मोबाइल नंबर भी बंद था। कुछ पता न चलने पर चालक ने निगम के अधिकारियों और परिजनों को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन और क्षेत्रीय प्रबंधन कीरतपुर पहुंचे। उन्होंने थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई।
क्षेत्रीय प्रबंधक जोगिंद्र चौधरी ने बताया कि परिचालक टिकट से इकट्ठी हुई राशि अपने बैग में रख गया था। गुमशुदगी की रिपोर्ट कीरतपुर थाना में दर्ज करवाई गई है।