बिलासपुर। ग्राम पंचायत मैहथी की नवनिर्वाचित प्रधान मीना देवी ने पंचायत सचिव के खिलाफ उपायुक्त को शिकायत पत्र सौंपा है। प्रधान ने कहा है कि सचिव ने पंचायत के कार्यालय में बिस्तर लगाया है। जब उसे वहां से बिस्तर हटाने को कहा तो सचिव ने साफ इनकार कर दिया।
मीना देवी ने कहा कि जब पंचायत भवन में पहुंची तो वहां बिस्तर लगा हुआ था। सचिव को इसे हटाने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। प्रधान ने सचिव पर मानसिक तौर पर परेशान करने और धमकी देने का भी आरोप लगाया है। प्रधान ने कहा कि इस संबंध में बीडीओ और एसडीएम सदर को भी ज्ञापन सौंपा है। एसडीएम बिलासपुर रामेश्वर ने कहा कि शिकायत की जांच के लिए बीडीओ सदर को निर्देश जारी कर दिए हैं। बीडीओ सदर भाग सिंह ठाकुर ने कहा कि शिकायत आई है। उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।