बिलासपुर। लॉकडाउन के कारण बंद चल रहे शिक्षण संस्थानों की पढ़ाई ऑनलाइन हो रही है। इसी के चलते बच्चों की अन्य गतिविधियों पर भी विराम लग गया है। सरस्वती विद्या मंदिर निहाल ने बच्चों के मध्य राखी एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन करवाया। जिसमें बच्चों ने जहां आकर्षक राखियां घर पर बनाकर रक्षाबंधन का त्योहार को मनाया, वहीं सुंदर मेहंदी रचाकर अपने हुनर का परिचय दिया।
स्कूल प्रभारी पूनम वर्धन ने बताया कि इस बार बेटियों ने अपने घरों पर राखियां बनाकर सबको हैरान किया है। उन्होंने कहा कि भारत में चीन के सामान का बोलबाला रहा है। लेकिन गलवां प्रकरण के बाद हर देशवासी चाइनीज सामान का बहिष्कार कर देश के प्रति अपना कर्तव्य निभा रहा है। इसी कड़ी के तहत निहाल की बेटियों ने अपने हुनर की अनूठी मिसाल पेश की है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में छठी कक्षा से लेकर दसवीं कक्षा तक की बेटियों ने भाग लिया। राखी प्रतियोगिता में दसवीं कक्षा की नेहा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 9वीं कक्षा की हर्शिता ने दूसरा और अनन्या ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं सिमरन, मनप्रीत, प्रतिष्ठा, संगीता, ऋशिता, राखी, ऋदम, अनन्या ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। मेहंदी प्रतियोगिता में नौवीं कक्षा की आंचल ने पहला, दसवीं कक्षा की राखी ने दूसरा, दसवीं कक्षा की ही नेहा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतिष्ठा, खुशबू, हंसिका और माही ने चौथा और पांचवां स्थान प्राप्त किया। स्कूल प्रभारी ने कहा कि बच्चों के हुनर को परखने के लिए शिक्षिकाओं में शामिल कोमल, अंजना, मीना, नीनू कंचन आदि ने अहम भूमिका निभाई।