बिलासपुर। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन का निर्माण करने वाली गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी पर ग्राम पंचायत कल्लर के गांव ढलियार और जोल के लोगों ने मनमानी करने के आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि उक्त गांव में साल 2014 से कार्य कर रही आईएलएफएस कंपनी ने अपनी कंस्ट्रक्शन साइट तक निर्माण सामग्री पहुंचाने के लिए लोगों की मलकियत भूमि में से सड़क निकाली थी। वहीं कंपनी और ग्रामीणों में समझौता हुआ था कि इस सड़क का प्रयोग ग्रामीण भी करेंगे और इसकी मरम्मत कंपनी करेगी। लोगों के मुद्दा उठाने के बाद वन विभाग ने सदर थाना में शिकायत दी है। वहीं डीएफओ ने वन रक्षक से रिपोर्ट मांगी है। शिकायत में कहा है कि वन विभाग की भूमि में बिना अनुमति सड़क बनाई जा रही है और पेड़ काटे जा रहे हैं।
अब आईएलएफएस की जगह गावर कंपनी फोरलेन का कार्य कर रही है। पुरानी सड़क की मरम्मत न करवाकर वन विभाग की भूमि से दूसरी सड़क निर्माण स्थल तक निकाली जा रही है। लोगों का कहना है कि कंपनी ने वन संपदा को बरबाद किया है। इस सड़क के निर्माण के लिए बिना एनओसी के कई पेड़ काटे गए। कहा कि कंपनी को नई सड़क का निर्माण करने की आवश्यकता नहीं थी। आईएलएफएस द्वारा निर्मित संपर्क सड़क की मरम्मत कर इस्तेमाल करना चाहिए था। ताकि वन संपदा को नुकसान न पहुंचे।
वर्ष 2014 में उक्त संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए तत्कालीन डीएफओ और जिला प्रशासन के अधिकारी मौका पर आए थे। ग्रामीणों का कहना है कि लाडा के तहत बजट का 2 फीसदी पैसा स्थानीय विकास कार्यों पर खर्च करने का समझौता हुआ था। उस समय यह संपर्क मार्ग बनाने हेतु गांव के सात परिवारों ने अपनी मलकियत भूमि कंपनी को इस्तेमाल करने के लिए देने की स्वीकृति दी थी। गांववासी रिटायर्ड कैप्टन कृष्ण लाल डोगरा, रोशन लाल, गुरुदेव ठाकुर, बालक राम, निक्कू राम, छोटू राम, अशोक कुमार आदि ने कहा कि गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी वन विभाग की जमीन को बरबाद करके नया संपर्क मार्ग बना रही है। पुराने संपर्क मार्ग में गई जमीन बेकार हो गई है और नई सड़क से वन विभाग की जमीन के साथ पेड़ों का अवैध कटान भी हो रहा है। प्रशासन और सरकार से मांग की है कि गांव की पुरानी सड़क की मरम्मत हो और उसी का प्रयोग फोरलेन कंपनी करे ताकि लाडा के तहत हुए समझौते की पालना हो सके।
डीएफओ अवनी भूषण राय ने बताया कि वन रक्षक से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है। वहीं डीएसपी राजकुमार ने बताया कि वन विभाग की शिकायत आई है। पुलिस छानबीन कर रही है। इसके बाद मामला दर्ज किया जाएगा।