स्वारघाट(बिलासपुर)। औद्योगिक क्षेत्र ग्वालथाई की टाईडल लैब प्राइवेट लिमटेड द्वारा मजदूरों को बिना किसी कारण निकालने पर अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) ने कड़ा संज्ञान लिया है।
अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस के राज्य सचिव अधिवक्ता प्रवेश चंदेल और एटक के जिला सलाहकार भाग सिंह चौधरी ने एडीएम को ज्ञापन सौंपकर कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। यूनियन ने एडीएम से इस मामले में हस्तक्षेप कर मजदूरों को न्याय दिलाने की मांग की है। ज्ञापन में यूनियन ने कहा है कि कंपनी ने बिना किसी कारण मजदूरों को निकाला है। प्रदीप कुमार को बिना किसी कारण के 18 मई को और विक्रम सिंह को 1 जून से गैर कानूनी तरीके से बाहर कर दिया है।
यूनियन ने कहा है कि कंपनी की इस तरह की कार्रवाई से मजदूरों में असंतोष है। मजदूरों द्वारा 2 जून को कंपनी के गेट के बाहर धरना प्रदर्शन भी किया गया था। लेकिन फिर भी कंपनी प्रबंधन पर इसका कोई असर नहीं हुआ। यूनियन का आरोप है कि कंपनी द्वारा मजदूरों को लॉकडाउन के समय का वेतन भी नहीं दिया है। कोरोना की विकट स्थिति में जहां मजदूर ढूंढे नहीं मिल रहे हैं वहीं कंपनी नौकरी से निकल रही है। यूनियन ने एडीएम से इस मामले में हस्तक्षेप कर मजदूरों को न्याय दिलाने की मांग की है। यूनियन ने कंपनी प्रबंधन को चेताया है कि अगर मजदूरों को वापस नहीं रखा तो कंपनी की तालाबंदी की जाएगी।