पहले पूरी तरह ठप थी गैस आपूर्ति, अब धीरे-धीरे बहाल
शिक्षण व स्वास्थ्य संस्थानों को पहली प्राथमिकता
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में कुछ समय से ठप पड़ी कॉमर्शियल एलपीजी आपूर्ति अब आंशिक रूप से फिर शुरू हो गई है। हालांकि, फिलहाल यह आपूर्ति कुल मांग का मात्र 20 प्रतिशत ही पहुंच पा रही है, जिससे बाजार में अभी भी किल्लत बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार प्रशासन के निर्देशानुसार, सबसे पहले शैक्षणिक संस्थानों और स्वास्थ्य संस्थानों को गैस उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके बाद ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सिलिंडर दिए जा रहे हैं। वहीं, घरेलू एलपीजी की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर बनी हुई है। जिले में इस समय लगभग 3,000 घरेलू सिलेंडर उपलब्ध हैं। हालांकि, सामान्य दिनों के मुकाबले बुकिंग में तेजी आई है। अधिकारियों के अनुसार, लोगों द्वारा घबराहट में की जा रही पैनिक बुकिंग के चलते हल्की किल्लत महसूस की जा रही है। आंकड़ों के अनुसार, जिले की दैनिक खपत करीब 1,500 से 1,600 सिलेंडरों की है, जबकि वर्तमान में आपूर्ति इस औसत से अधिक ही चल रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक बुकिंग से बचें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके। जिला खाद्य नियंत्रक ब्रिजेंद्र पठानिया ने बताया कि कॉमर्शियल सिलिंडर की 20 प्रतिशत आपूर्ति शुरू हुई है। घरेलू गैस सिलिंडर आपूर्ति सुचारू है।