सीएम सुक्खू कल करेंगे वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का शुभारंभ
तैयारियों को लेकर मंत्री राजेश धर्माणी ने कार्यकर्ताओं के साथ की समीक्षा बैठक
-डिजिटल लाइब्रेरी, विजिलेंस एंटी करप्शन भवन का करेंगे उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू मंगलवार को मंडी भराड़ी के पास वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का शुभारंभ करेंगे। उनके स्वागत की तैयारियों को लेकर रविवार को कांग्रेस कार्यालय बिलासपुर में मंत्री राजेश धर्माणी ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। प्रशासन ने मुख्यमंत्री का टूर प्रोग्राम जारी कर दिया है। मंगलवार को करीब 11 बजे मुख्यमंत्री लुहणू मैदान में पहुंचेंगे। उसके बाद वह रौड़ा सेक्टर में प्रदेश की पहली डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ करेंगे। वहीं, उपायुक्त कार्यालय के पास विजिलेंस एंड एंटी करप्शन भवन के भवन का शुभारंभ करेंगे। उसके बाद मुख्यमंत्री मंडी भराड़ी के लिए रवाना होंगे। जहां वह विधिवत रूप से वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान झील में क्रूज की सैर भी करेंगे। करीब एक बजे मुख्यमंत्री लुहणू मैदान से शिमला के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर मंत्री राजेश धर्माणी ने समीक्षा बैठक में कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए।
पर्यटन के रूप में जिले को मिलेगी बड़ी सौगात
पत्रकारों को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि पर्यटन के रूप में एक बहुत बड़ी सौगात बिलासपुर को मिल रही है। इससे पहले जिले में पर्यटन की गतिविधियां न के बराबर थीं। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही उन्होंने इसके लिए सुझाव दिए और इस पर कार्य शुरू हुआ। इसके तहत औहर में पर्यटन कांप्लेक्स बनाया जा रहा है। धर्माणी ने कहा कि इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को शुरू करना शामिल है। इस दिन अन्य परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन करने के सुझाव भी दिए गए, लेकिन मुख्यमंत्री ने इन गतिविधियों को अधिक प्रोत्साहित करने की बात है।
जिले को आय का मिलेगा 75 प्रतिशत
मंत्री धर्माणी ने बताया कि इसके लिए जिला पर्यटन प्रबंधन समिति भी बनाई गई है, जो यहां देखरेख करेगी। यहां से जो आय होगी उसका 25 प्रतिशत प्रदेश सरकार और 75 प्रतिशत हिस्सा जिले को मिलेगा। इस मौके पर पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव विवेक कुमार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजना धीमान, प्रदेश कांग्रेस मीडिया कोऑर्डिनेटर संदीप सांख्यान, हिमुडा निदेशक सदस्य जितेंद्र चंदेल, अधिवक्ता तेजस्वी शर्मा और हेमराज ठाकुर सहित अन्य मौजूद रहे।