दो दिन पहले ही इतिहास के प्रवक्ता ने कार्यभार संभाला
स्कूल में पढ़ने वाले 33 विद्यार्थियों के भविष्य पर तलवार
10 बच्चे गुनाहा से दूसरे स्कूलों में कर चुके पलायन
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल गुनाहा में जमा एक और दो के विद्यार्थियों की कक्षाएं एक ही प्रवक्ता ले रहे हैं। हैरत की बात तो यह है कि प्रवक्ता ने दो दिन पहले ही कार्यभार संभाला है। इसके बाद से बच्चों की पढ़ाई तो शुरू हुई है लेकिन अन्य प्रवक्ताओं के न होने से बच्चों के भविष्य पर तलवार लटक रही है। वहीं, प्रवक्ताओं की कमी के कारण 10 विद्यार्थियों ने दूसरे स्कूल में प्रवेश भी ले लिया है। जबकि अन्य छात्र भी दूसरे स्कूल में जाने का मन बनाए हुए हैं।
स्कूल से मार्च में अधिकतर अध्यापक स्थानांतरण के बाद दूसरे स्कूलों में चले गए। इसके बाद से यहां पर पदों को नहीं भरा गया। प्रवक्ता ही नहीं क्लर्क पद भी स्कूल में खाली पड़ा है। स्कूल में 33 विद्यार्थी हैं। इस ओर न तो सरकार ध्यान दे रही है और न ही विभाग की ओर से कोई प्रवक्ता प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है। अब पूरा साल बीत जाने के बाद दो दिन पहले इतिहास के प्रवक्ता को यहां भेजा गया है।
स्कूल में प्रधानाचार्य का पद भी खाली था। कुछ दिन प्रतिनियुक्ति पर इस स्कूल को चलाया गया। जुलाई में यहां पर शिमला जिले से प्रधानाचार्य आए। दो दिन पहले ही यहां पर इतिहास के प्रवक्ता ने उपनिदेशक कार्यालय से भेजा गया। लेकिन यहां पर अभी भी अंग्रेजी, राजनीति शास्त्र, हिंदी, फिजिकल एजुकेशन के पद खाली पड़े हैं। उच्च विद्यालय स्तर पर कला व पीईटी अध्यापक का पद भी खाली हैं। यही नहीं यहां पर लिपिक का पद भी खाली पड़ा हुआ है। इसके चलते क्लर्क का कार्य भी स्कूल के अध्यापक कर रहे हैं।
पीटीए के प्रधान मनजीत सिंह और पंचायत प्रधान कृष्ण लाल ने बताया कि दस से अधिक बच्चे मार्च माह के बाद स्टाफ के अभाव में नंड व रामशहर स्कूल में पलायन कर गए है। जुलाई में प्रधानाचार्य के यहां पर आने के बाद कक्षाओं में टीजीटी अध्यापकों को भेजा जा रहा है। इससे बच्चे खाली पीरियड में बाहर न घूमे। उधर, उपनिदेशक जगदीश नेगी ने बताया कि इस बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है। यहां पर एक प्रवक्ता ने कार्यभार संभाल लिया है और जल्द ही दूसरे प्रवक्ता भी कार्यभार संभाल लेंगे।