विधायक ने श्री नयना देवी जी में टेका माथा
कहा, निर्माण कार्य का श्रेय लेने का प्रयास कर रहे कुछ कांग्रेस नेता
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। श्री नयना देवी के विधायक व भाजपा नेता रणधीर शर्मा ने माता श्री नयना देवी जी के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उनके बेटे भी उनके साथ रहे।
इस दौरान विधायक रणधीर शर्मा ने बताया कि उन्होंने विधानसभा में नयना देवी में बन रहे सिविल अस्पताल का मुद्दा मजबूती से उठाया था। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री की ओर से अधूरे निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए पांच करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की गई थी, जिसे अब मंजूरी मिल चुकी है। इससे अस्पताल का लंबित कार्य जल्द पूरा किया जाएगा और इसे शीघ्र ही जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से भी अस्पताल में आईसीयू की मांग की गई थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। अब सिविल अस्पताल में आईसीयू सुविधा भी उपलब्ध होगी, जो क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। विधायक ने कहा कि करीब तीन वर्ष पूर्व अंबाला की यूनिप्रो कंपनी ने अस्पताल निर्माण कार्य शुरू किया था और काम तेजी से चल रहा था, लेकिन सरकार बदलने के बाद बजट की कमी के चलते निर्माण कार्य रुक गया। उन्होंने दावा किया कि यदि बजट में बाधा न आती तो अस्पताल एक वर्ष पहले ही बनकर तैयार हो जाता। रणधीर शर्मा ने बताया कि मंदिर न्यास की ओर से अस्पताल निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है, जबकि सरकार की ओर से भी पांच करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल को आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को विधानसभा में पूरी मजबूती से उठाया, जिसके परिणामस्वरूप अब यह कार्य आगे बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ कांग्रेस नेता इसका श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि वास्तविकता जनता के सामने है और विधानसभा की कार्यवाही के माध्यम से सब कुछ स्पष्ट है।