बिलासपुर। हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच ने सेवानिवृत्ति के बाद देय राशि की अदायगी में हो रही देरी पर गहरा रोष जताया है। कहा कि सेवानिवृत्ति पर मिलने वाली राशि का भुगतान न होने की वजह से पेंशनरों को आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है। लिहाजा देय राशि जल्द जारी की जाए। मंच ने कोरोना काल में भी एचआरटीसी के पेंशनर्स को नियमित रूप से पेंशन का भुगतान करने पर सरकार का आभार जताया।
हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच की शनिवार को अध्यक्ष प्रेमलाल की अध्यक्षता में निहाल स्थित मंदिर के प्रांगण में बैठक हुई। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा गया। बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की गई। कहा कि कोरोना काल में भी एचआरटीसी के पेंशनरों को नियमित रूप से पेंशन मिलती रही। इससे उन्हें परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। इसके लिए पेंशनर सरकार के आभारी हैं। कहा कि उनकी कई मांगें लंबित पड़ी हैं। सेवानिवृत्त होने पर कर्मचारियों को जीपीएफ, ग्रेच्युटी व लीव इन कैशमेंट आदि के रूप में सारा भुगतान होता है। हालांकि कई कर्मचारियों को महीने भर में ही सारे देय लाभ मिल गए। लेकिन कइयों को रिटायरमेंट के दो साल बाद भी पैसा नहीं मिल पाया है। अपने हक के लिए उन्हें मजबूरन कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ रहा है। प्रस्ताव पारित कर सरकार से मांग की गई कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को देय राशि का भुगतान जल्द किया जाए। बैठक में मोहम्मद अमीन, श्यामलाल, धनीराम, राकेश शर्मा, देशराज, सुरेश व बाबूराम शर्मा आदि ने भाग लिया।