बिलासपुर। डीएसपी बिलासपुर संजय शर्मा ने विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी मंदिर क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने कानून व्यवस्था और कोविड-19 की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस ने अब तक बिना मास्क के 1313 चालान काटकर 4 लाख 85 हजार 400 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले हैं।
डीएसपी ने निरीक्षण के दौरान मंदिर क्षेत्र का दौरा किया। जिन श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने मास्क नहीं पहनने थे, उन्हें मास्क के उपयोग और कोविड-19 के बारे में जागरूक किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। कोविड-19 महामारी के दौरान सावधानियां बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर लोग पुलिस का सहयोग नहीं करेंगे तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
संजय शर्मा ने कहा कि पुलिस समय-समय पर चालान काट रही है और मास्क लगाने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। महामारी के इस दौर में सभी स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें। सरकार के आदेशों की पालना करें।