स्वारघाट (बिलासपुर)। लोक निर्माण विभाग उपमंडल स्वारघाट के तहत पंजाब से सटी सीमा पर बैहल क्षेत्र के निर्माणाधीन चिकनी खड्ड पुल के कार्य में पंजाब के व्यक्ति ने अड़ंगा डाल दिया था। मंगलवार को राजस्व विभाग ने यहां पर निशानदेही की। निशानदेही में अब यह जगह हिमाचल सरकार की निकली है।
इस दौरान राजस्व विभाग की तरफ से तहसीलदार स्वारघाट, कानूनगो, हलका पटवारी, एसडीओ पीडब्ल्यूडी, जेई, बैहल व कौड़ावाला पंचायतों के प्रधान मौके पर मौजूद रहे। बता दें कि उक्त पुल निर्माण कार्य में पंजाब के एक व्यक्ति ने जमीनी अड़ंगा डाल दिया था। इसके बाद पंजाब पुलिस ने पुल का निर्माण कार्य रुकवा दिया था। मंगलवार को निशानदेही में यह जगह हिमाचल सरकार के नाम निकली है। अब जल्द ही पुल का निर्माण का पूरा होने की उम्मीद है। बरसात के दौरान बैहल क्षेत्र की दर्जनों पंचायतों और पंजाब इलाके के लोगों को पुल न होने से भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। करीब दो साल पहले यह पुल बह गया था। लोक निर्माण विभाग ने वाहनों के आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की थी। उपमंडल स्वारघाट की तीन पंचायतों बैहल, कौड़ावाला, धरोट और नयनादेवी से भाखड़ा तक की जनता के साथ-साथ पंजाब की कई पंचायतों के लोगों को पुल बन जाने से आवागमन की सुविधा मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग उपमंडल स्वारघाट के कनिष्ठ अभियंता जगतराम ठाकुर ने बताया कि राजस्व विभाग ने मंगलवार को निशानदेही की है। इसमें यह विवादित जमीन हिमाचल सरकार की निकली है। ठेकेदार द्वारा शीघ्र ही पुल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।