बिलासपुर। प्रदेश सरकार ने आत्मनिर्भर भारत योजना के अंतर्गत बाहरी प्रदेशों के प्रवासी श्रमिकों को मई और जून के लिए प्रति व्यक्ति 5 किग्रा चावल व एक किलोग्राम काला चना दाल प्रति परिवार निशुल्क उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है। खाद्य आपूर्ति अधिकारी पवन कुमार शर्मा ने बताया कि इस योजना का लाभ उठाने के लिए प्रवासी श्रमिक उचित मूल्य की दुकान, क्षेत्रीय निरीक्षक व संबंधित ग्राम पंचायत सचिवों से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रपत्र को भरने के उपरांत संबंधित पंचायत सदस्य, उपप्रधान, प्रधान, पंचायत सचिव, उपाध्यक्ष, अध्यक्ष, सदस्य शहरी निकाय, महापौर, उपमहापौर, पार्षद नगर निगम, राजपत्रित अधिकारी से सत्यापित करवाकर नजदीकी उचित मूल्य की दुकान में जमा करवाकर निशुल्क चावल प्रति व्यक्ति व काला चना प्रति परिवार प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने पंचायतीराज प्रतिनिधियों से भी आग्रह किया है कि संबंधित पंचायतों में प्रवासी श्रमिकों से आत्मनिर्भर भारत योजना से संबंधित प्रपत्र भरवाएं ताकि प्रवासी श्रमिकों को लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए क्षेत्रीय निरीक्षक या जिला नियंत्रक कार्यालय 01978-222349 पर संपर्क किया जा सकता है।