घुमारवीं( बिलासपुर)। लॉकडाउन के चलते आरट्रैक एक्स सर्विसमैन कैंटीन घुमारवीं 21 मार्च को बंद कर दी गई थी। इसे 25 मई से फिर खोला जा रहा है। आरट्रैक एक्स सर्विसमैन कैंटीन घुमारवीं के मैनेजर कमांडर एसएल शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वैश्विक महामारी के चलते निर्णय लिया गया है कि भूतपूर्व सैनिकों को कैंटीन में आने से पहले टोकन लेना होगा। घुमारवीं क्षेत्र से संबंधित कैंटीन पर आश्रित सभी पूर्व सैनिक मोबाइल नंबर 97365-23517, ईसी बिलासपुर मोबाइल नंबर 98171-34220 और कलोल के लिए मोबाइल नंबर 83519-75374 पर टोकन ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि टोकन 23 मई से 10:00 बजे से 3:00 बजे के बीच मिलने शुरू होंगे। टोकन लेते समय पूर्व सैनिकों को अपना नाम, रैंक, नंबर और मोबाइल नंबर लिखवाना अनिवार्य होगा। एसएल शर्मा ने बताया कि बिना पंजीकरण किसी को भी कैंटीन में प्रवेश करने की अनुमति नहीं मिलेगी। उन्होंने बताया कि एक कार्ड पर सिर्फ एक ही व्यक्ति को कैंटीन के अंदर जाने की अनुमति होगी। जो व्यक्ति कैंटीन के अंदर सामान खरीदेगा उस व्यक्ति को बिल का भुगतान केवल एटीएम के माध्यम से ही करना होगा। इसके अलावा कैंटीन में प्रवेश करने वाले सभी लोगों को मास्क पहनना अनिवार्य होगा। इसके साथ सामाजिक दूरी बनाए रखना भी अनिवार्य किया गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व सैनिक जो 65 वर्ष की आयु से ऊपर के हैं वे अपने किसी परिवार के सदस्य को सामान लेने के लिए अधिकृत करके भेज सकते हैं। कैंटीन में आने वाले सभी लोगों को अपने मोबाइल में आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करना अनिवार्य किया गया है। शर्मा ने बताया कि वैश्विक महामारी के इस कठिन दौर में सभी के सहयोग की आवश्यकता है ताकि कैंटीन को सुचारु रूप से चलाया जा सके।