बिलासपुर। ईद-उल-फितर पर विशेष सामूहिक नमाज कोरोना संक्रमण की वजह से जिला की मस्जिदों में इस बार नहीं पढ़ी जा रही है। घरों में ही काबा रखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर 4 व्यक्तियों द्वारा ईद की नमाज पढ़ी जा सकती है। जिला मुस्लिम वेलफेयर कमेटी के प्रधान नसीम मुहम्मद, गुलाम महयूदीन, अब्दुल रशीद, हुसैन अली, शफीक अहमद ने बताया कि ईद-उल-फितर की नमाज को लेकर मुस्लिम विद्या पीठों के विद्वान मौलानाओं ने फतवे जारी कर दिए हैं। दारूल उलूम फिरंगी महली लखनऊ से जारी फतवे में सामूहिक नमाज मस्जिदों में अदा करने की मनाही है। घरों में 4 व्यक्ति ईद की नमाज सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर छोटी जमात की शक्ल में भी पढ़ सकते हैं। प्रधान ने कहा कि ईद मिलन पर हाथ मिलाने और गले मिलने की भी मनाही है। ईद की सैवइयां भी अपने घरों पर ही खाने के बारे में कहा है। रिश्तेदारी में आने-जाने व दावतों की पूरी मनाही है। कोविड-19 वायरस को पूरे देश से समाप्त करने के लिए अल्लाह से दुआएं मांगने की हिदायत है।