झंडूता में जनगणना-2027 को लेकर तीन दिवसीय कार्यशाला शुरू
अधिकारियों, कर्मचारियों को डिजिटल जनगणना प्रक्रिया का दिया गया प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। जनगणना-2027 के सफल संचालन और तैयारियों को लेकर बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झंडूता में तीन दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यशाला में उपमंडल झंडूता के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भाग ले रहे हैं।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना-2027 की प्रक्रिया, नए प्रावधानों, डिजिटल माध्यम से डेटा संग्रहण की प्रणाली संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही जनगणना कार्य को प्रभावी, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर उपमंडलीय अधिकारी (ना.) झंडूता अर्शिया शर्मा ने कहा कि आगामी जनगणना में आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार नागरिकों को स्वयं भी निर्धारित ऑनलाइन लिंक के माध्यम से अपना पंजीकरण करने की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे जनगणना के दौरान घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों का कार्य आसान होगा। आंकड़ों के संकलन में अधिक सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होती है, इसलिए इससे जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों से जनगणना संबंधी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और आम लोगों को भी नई व्यवस्था के बारे में जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यशाला में जनगणना से जुड़े विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई, प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। तीन दिनों तक चलने वाली इस कार्यशाला में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जाएगा।