वित्तीय साक्षरता शिविर में बैंकिंग, बजट और डिजिटल ठगी से बचाव की दी जानकारी
अधिकारियों ने बच्चों को दी साइबर ठगी से बचाव की जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हरनोड़ा में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की हरनोड़ा शाखा की ओर से विद्यार्थियों के लिए वित्तीय साक्षरता शिविर लगाया गया। इसमें विद्यार्थियों को बचत, बैंकिंग और पैसों के सही प्रबंधन से जुड़ी जानकारी दी गई। बैंक प्रतिनिधियों ने बच्चों को कम उम्र से ही बचत की आदत विकसित करने और जरूरत के अनुसार पैसे खर्च करने के लिए जागरूक किया।
शाखा प्रबंधक हिना मलिक और सुनील शर्मा ने विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी वस्तु पर पैसा खर्च करने से पहले यह समझना जरूरी है कि वह जरूरत है या इच्छा। विद्यार्थियों को जरूरी चीजों और इच्छानुसार खरीदी जाने वाली वस्तुओं में अंतर समझाया गया। साथ ही घर के खर्च और अपनी जरूरतों के अनुसार बजट बनाने और नियमित बचत करने के तरीके बताए।
शिविर में विद्यार्थियों को बचत और चालू खातों के अलावा विभिन्न ऋण, बीमा और पेंशन योजनाओं की जानकारी दी गई। डिजिटल बैंकिंग के दौरान सावधानी बरतने और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय भी बताए गए। विद्यार्थियों को बैंक खाते, एटीएम, पासवर्ड, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की सलाह दी गई।
बैंक प्रतिनिधियों ने जोखिम और लाभ के बीच संबंध की जानकारी देते हुए किसी भी वित्तीय योजना में निवेश करने से पहले पूरी जानकारी हासिल करने की बात कही।विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक और विद्यार्थी शिविर में मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों को कम उम्र में ही बचत, बैंकिंग और आर्थिक जिम्मेदारियों को समझने में मदद करते हैं।
सपनों का संचय योजना बनी आकर्षण
शिविर में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की सपनों का संचय योजना विद्यार्थियों के बीच आकर्षण का केंद्र रही। बैंक प्रतिनिधियों ने बताया कि यह योजना शून्य से 18 वर्ष तक के बच्चों के लिए है। इसके तहत उच्च शिक्षा और भविष्य में उद्यम शुरू करने जैसी जरूरतों के लिए ऋण सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।