ग्राम पंचायत मोरसिंघी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चलाया अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर कसोहल की ओर से ग्राम पंचायत मोरसिंघी में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की दो बूंदें पिलाकर उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने का संदेश दिया।
बूथ नंबर-33 पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) सोनिया शर्मा के नेतृत्व में आशा कार्यकर्ता प्रोमिला, कमलेश और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मीना ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। वहीं, बूथ नंबर-32 पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता मधुबाला और उनकी टीम ने अभियान का सफल संचालन किया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में अभिभावकों ने अपने बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाई। इस अवसर पर स्वास्थ्य कर्मियों ने नियमित टीकाकरण, पोलियो से बचाव तथा प्रत्येक पात्र बच्चे को समय पर पोलियो की खुराक दिलाने के महत्व के बारे में भी लोगों को जागरूक किया। सीएचओ सोनिया शर्मा ने अभिभावकों से अपील की कि वे पांच वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को हर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दौरान पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि क्षेत्र और देश को पूर्ण रूप से पोलियो-मुक्त बनाए रखने के लक्ष्य को साकार किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अभिभावकों, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया।