श्री नयना देवी जी के शहरी क्षेत्र के लिए रखेंगे सीवरेज योजना के सुधार की आधारशिला
शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी में पूजा अर्चना कर लेंगे माता का आशीर्वाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 8 फरवरी को बिलासपुर जिले के श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। साथ ही घवांडल चौक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा मौसम की स्थिति पर भी निर्भर करेगा।
सीएम अपने दौरे के दौरान लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस में अतिरिक्त आवास निर्माण का लोकार्पण, डोलरा से बाग मेहला लिंक रोड लोकार्पण, गांव गोहरी से सायर लिंक रोडगा, गालवा से चलेला लिंक रोड, दयोथ लग घाट जामली रोड का उन्नयन, जल जीवन मिशन के तहत नकड़ाना व आसपास के गांवों के लिए जल आपूर्ति योजना, स्वारघाट में पशु चिकित्सालय, श्री नयना देवी जी बस स्टैंड का आगमन हॉल निर्माण का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा जीडीसी जुखाला में मल्टीपर्पज इंडोर स्टेडियम, नवगांव-बैरी रोड का उन्नयन, श्री नयना देवी जी शहरी क्षेत्र में सीवरेज योजना का सुधार, मलोठी समोग लिफ्ट सिंचाई योजना का पुनर्निर्माण, मजारी सिंचाई योजना का सुधार की आधारशिला रखेंगे।
इनसेट
यह रहेगा सीएम के दौरे का समय
सीएम सुबह 10:00 बजे ओक ओवर शिमला से अन्नाडेल हेलीपैड के लिए सड़क मार्ग से रवाना होंगे। 10:20 बजे हेलिकॉप्टर से श्री आनंदपुर साहिब होते हुए श्री नयना देवी मंदिर पहुंचेंगे। 11:20 बजे मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। 12:15 बजे बस स्टैंड श्री नयना देवी जी में विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। दोपहर 1:20 पर घवांडल चौक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जनसभा को संबोधित करेंगे। 2:30 बजे लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस में भोजन करेंगे। शाम 5:20 बजे शिमला लौटेंगे।