चैत्र नवरात्रों के लिए फूलों से सजा श्री नयनादेवी माता का मंदर।
- फोटो : BILASPUR
श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी में मंगलवार से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्रों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंदिर में एसओपी के अनुसार ही श्रद्धालुओं को दर्शन करवाए जाएंगे। श्रद्धालु गर्भ गृह में माता की पिंडी के दर्शन कर पाएंगे। कोरोना के चलते गुफा में दर्शन करने से श्रद्धालुओं को वंचित रहना पड़ेगा। 16 अप्रैल तक किसी भी श्रद्धालु को कोविड रिपोर्ट लाने की आवश्यकता नहीं है। अधिसूचना लागू होने के बाद प्रशासन इस पर निर्णय लेगा।
नवरात्रों में सुबह चार बजे से रात 10 बजे तक मंदिर के कपाट खुले रहेंगे। अगर श्रद्धालुओं की संख्या ज्यादा हुई तो केवल तीन घंटे ही मंदिर के कपाट बंद रहेंगे। प्रशासन ने निर्णय लिया है कि नवरात्रों के दौरान तीन थर्मल स्क्रीनिंग सेंटर खोले जाएंगे। इनमें श्रद्धालुओं की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। एक सेंटर घवांडल चौक, दूसरा सेंटर बस स्टैंड से मंदिर की तरफ जाने वाले रास्ते में चुंगी घर के पास और तीसरा सेंटर गुफा वाले रास्ते में मातृ शरण में खोला जाएगा। इसके अलावा 5 हेल्थ पोस्ट भी खोली गई हैं। लंगर की व्यवस्था बंद रहेगी, लेकिन पंजाब की दो समाजसेवी संस्थाओं को पैकड फूड यात्रियों को देने की अनुमति दी गई है। इनमें से एक को बस स्टैंड पर और दूसरी को कोलांवाला टोबा में पैकड फूड का लंगर लगाने की अनुमति दी गई है। मंदिर अधिकारी हुस्न चंद ने बताया कि मंदिर की लंगर व्यवस्था बंद है, फिर भी लगभग 100 अस्थायी कर्मचारियों को रखने की अनुमति ली गई है। कहा कि कोरोना के कारण मंदिर की गुफा में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर पाबंदी रहेगी।
पूरे क्षेत्र को 9 सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर में सुरक्षा, कानून व्यवस्था और कोरोना वायरस से बचाव के लिए सामाजिक दूरी को बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए अभी तक 250 पुलिस/ होमगार्ड कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा चुकी है। पुलिस प्रशासन से 600 सुरक्षा कर्मियों की मांग की गई है। श्री नयनादेवी जी मंदिर आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन में घवांडल चौक से शेरों वाले गेट से होकर बस स्टैंड आईटीआई से होते हुए नयना देवी पहुंचेंगे और वापसी पर सर्कुलर रोड से होते हुए सीएचसी बैरियर पहुंचेंगे। वहां से भाखड़ा की और या श्रीआनंदपुर साहिब की ओर जाएंगे। टैक्सी चालक निर्धारित किराये से अधिक किराया लेते हुए पाए गए तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ट्रकों और ट्रैक्टरों में सवारी लाने पर कार्रवाई की जाएगी।