बिलासपुर। सदर थाना पुलिस ने एक जीप से 3 किलो 6 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार सदर थाना की टीम ने शनिवार रात को चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर वेटरनेरी चौक बिलासपुर में नाकेबंदी की हुई थी। इस दौरान घागस की तरफ से आ रही एक जीप को जांच के लिए रोका गया। चालक को गाड़ी के कागजात दिखाने के लिए कहा, लेकिन वह काफी देर तक कागज पेश नहीं कर सका और काफी घबराया हुआ लगा। जिस पर पुलिसकर्मियों ने जीप की तलाशी ली तो चालक की सीट के नीचे एक बैग बरामद हुआ। खोलकर देखा तो बैग में 3 किलो 6 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान खेम सिंह (33) निवासी गांव कुट तहसील चच्योट जिला मंडी के रूप में हुई है। एसपी बिलासपुर एसआर राणा ने बताया कि आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।