-झंडूता में जिला स्तरीय बैसाखी नलवाड़ मेले का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। झंडूता में चल रहे तीन दिवसीय जिला स्तरीय बैसाखी नलवाड़ मेले का शुक्रवार को समापन हो गया। मेले के समापन पर दंगल का आयोजन किया गया।
बड़ी माली के विजेता पहलवान चमकोर हल्ला को 11 हजार रुपये और गुर्ज देकर सम्मानित किया गया, उपविजेता पहलवान बबलू प्रागपुर को 9 हजार रुपये और गुर्ज देकर सम्मानित किया गया। छोटी माली के विजेता पहलवान मंडी के नवीन को 6100 रुपये और गुर्ज दिए गए, उपविजेता पहलवान समोह के प्रिंस को 5100 रुपये और गुर्ज देकर सम्मानित किया गया। इससे पहले मेला कमेटी ने प्राचीन ठाकुरद्वारा नर सिंह मंदिर झंडूता से छिंज अखाड़ा तक भव्य शोभायात्रा निकाली और पूजा-अर्चना की। मेले के समापन पर सेवानिवृत्त अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग रतन देव बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे, जबकि अमरनाथ धीमान ने वरिष्ठ अतिथि के रूप में शिरकत की। मुख्य अतिथि ने कहा कि मेले हमारी भारतीय संस्कृति की ऐतिहासिक धरोहर हैं। मेलों के आयोजन से लोगों में आपसी भाईचारे की भावना पैदा होती है। वहीं पुरानी परंपरा को संजोए रखने का मौका मिलता है। मेले स्थानीय लोक संस्कृति, परंपरा और लोक संस्कारों के विविध रूपों को अभिव्यक्त करने का एक माध्यम है। मेलों का आयोजन प्राय किसी पर्व और त्योहारों के अवसर पर किया जाता है। वहीं, इस दंगल में वरिष्ठ अतिथि के रूप में पधारे कोटधार नलवाड़ मेला कमेटी के संस्थापक और शांति सेवा समिति के अध्यक्ष अमरनाथ धीमान ने दो बड़े गुर्ज मेला कमेटी अध्यक्ष एवं एसडीएम योगराज धीमान और सहायक आयुक्त एवं तहसीलदार अर्शिया शर्मा को भेंट स्वरूप प्रदान किए। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य प्रोमिला वसु, प्रशांत शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।