शाहतलाई (बिलासपुर)। बाबा बालक नाथ की तपोस्थली शाहतलाई में आयोजित चैत्र मेलों को मात्र एक सप्ताह बचा है लेकिन शाहतलाई-दियोटसिद्ध व शाहतलाई-बच्छरेटू सड़कों की हालत खस्ता हो गई है। जिसके कारण चालकों के साथ पैदल चलने वाले राहगीर व दुकानदार वाहनों की धूल से परेशान हैं।
बता दें कि कुछ दिनों के बाद बाबा बालक नाथ की तपोस्थली शाहतलाई में चैत्र मेले आयोजित किए जाएंगे परंतु सड़कों की हालत सुधारने की तरफ विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इतना ही नहीं शाहतलाई बाजार में जलशक्ति विभाग ने सीवरेज के लिए दो माह पहले खोदी सड़क को भी अब तक ठीक नहीं किया गया है। जिस से बाजार में धूल का साम्राज्य हो गया है। इतना ही नहीं सड़क पर वाहन चलाना भी मुश्किल हो गया है। प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव अब्दुल खालिक, जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष पंकज राणा, झंडूता युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष शिवम शर्मा, रमन शर्मा, वरुण कालिया, अतुल ठाकुर, हर्ष शर्मा व राकेश ठाकुर ने कहा कि चैत्र मेले शुरू होने वाले हैं लेकिन शाहतलाई क्षेत्र की सड़कें अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही हैं। जगह-जगह सड़कों पर गड्ढे पड़े हैं जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं विधायक श्रद्धालुओं को हर सुविधाएं देने का राग अल्प रहे हैं। युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने सरकार व प्रशासन को चेताया है कि अगर सड़कों की दशा को समय रहते नहीं सुधारा गया तो विधायक का घेराव करके अपनी समस्या के लिए आवाज को बुलंद किया जाएगा।