विश्वविख्यात शक्तिपीठ में मां नयनादेवी देवी के जन्मदिन पर सजा मंदिर।
- फोटो : BILASPUR
श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। विश्वविख्यात शक्तिपीठ में मंगलवार को मां नयना देवी के जन्मदिवस पर खूब धूम रही। मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और गुब्बारों से दुल्हन की तरह सजाया गया। पंजाब की समाजसेवी संस्थाओं ने मंदिर के आसपास के क्षेत्रों में खान-पान की व्यवस्था की।
मंदिर की सजावट पंजाब के पटियाला, लुधियाना और रोपड़ से आए कारीगरों ने की। श्रद्धालुओं को गर्म गजरेला, केसर वाला दूध, गुलाब जामुन, टिक्की और कई तरह के स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए। कोविड-19 के चलते मंदिर न्यास पूरी सतर्कता बरत रहा है। माता की जयंती के शुभ लक्ष्य पर श्रद्धालु दर्शन करके जीवन धन्य कर रहे हैं।
मंदिर न्यास अधीक्षक तुलसीराम ने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए व्यापक प्रबंध किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मंदिर के सुरक्षाकर्मियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं कि श्रद्धालुओं को लाइनों में ही दर्शन करवाएं।