बिलासपुर। करणी सेना के प्रदेश महामंत्री सुभाष ठाकुर ने स्वास्थ्य विभाग में किए घोटाले की सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि हाल ही में स्वास्थ्य विभाग का कथित 5 लाख के लेनदेन की ऑडियो सामने आई है। इससे साफ है कि कोरोना जैसी महामारी के दौर में भी अधिकारियों से लेकर नेताओं तक कई लोग अपनी कमाई करने में जुटे हैं।
उन्होंने कहा कि इस घोटाले से यह बात साफ हो गई है कि अगर इसकी निष्पक्ष जांच हो तो इस दौर में और कई बड़े घोटाले सामने आएंगे। सुभाष ने कहा कि जहां संपूर्ण विश्व कोरोना के संकट से गुजर रहा है। दूसरी तरफ हिमाचल के स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी घोटाले करने में व्यस्त हैं। महामंत्री ने कहा कि इस घोटाले में लिप्त सभी अधिकारियों की उच्च स्तरीय जांच हो।
उन्होंने कहा कि जांच के लिए सीबीआई के उच्च अधिकारी की अध्यक्षता में जांच समिति बनाई जानी चाहिए। ठाकुर ने कहा कि इन घोटाले में भाजपा के बड़े नेताओं का भी नाम आ रहा है। सचिवालय में भी बहुत बड़ा सैनिटाइजर घोटाला हुआ है। करणी सेना ने उस पर भी जांच की मांग की है। सुभाष ठाकुर ने कहा कि अगर जांच जल्द नहीं होगी तो करणी सेना प्रदेश स्तर पर जन आंदोलन करेगी।