बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र के नवाबगंज रोड पर स्थित एक सीड प्लांट के गोदाम में बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। फायर बिग्रेड कर्मियों ने आग को बुझाया।
नगर के माटखेड़ा रोड निवासी योगेश कुमार अग्रवाल का नवाबगंज रोड पर एक सीड का प्लांट है। सीड प्लांट स्वामी ने बताया कि रविवार सुबह आठ बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से सीड प्लांट स्थित एक गोदाम में आग लग गई। आग ने गोदाम के अंदर रखे गेहूं के बीज और बारदाने को जला दिया। गोदाम में आग लगती देख कर्मियों ने इसकी सूचना फायर बिग्रेड कर्मियों को दी। उन्होंने कुछ ही देर बाद आग को बुझाया। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। प्लांट स्वामी ने आग की चपेट में आने से भारी नुकसान होने की बात कही है। घटना की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है। कोतवाली प्रभारी संजय प्रताप सिंह ने बताया कि आग लगने की कोई भी तहरीर अभी उनके पास नहीं आई है।