एसीसी कॉलोनी बरमाणा में का मामला, पुलिस ने दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बरमाणा थाना के अंतर्गत एसीसी स्टाफ कॉलोनी में अज्ञात व्यक्ति ने खड़ी कार पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। वारदात की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। आग लगने के बाद कार धू-धू कर पूरी तरह से जलकर राख हो गई। पुलिस ने कार मालिक की शिकायत पर बरमाणा थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर पता चला कि बुधवार रात 11:48 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने कार पर ज्वलनशील पदार्थ फेंककर उसे आग के हवाले कर दिया। कार पूरी तरह राख हो गई। कार प्रमोद दधीच निवासी बीकानेर की है जो यहां पर सीमेंट कंपनी में कर्मचारी हैं। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। कॉलोनी के निवासियों ने इस घटना को चिंताजनक बताते हुए कहा कि रात के समय इस तरह की वारदात से क्षेत्र में सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने पुलिस से जल्द ही अपराधी को पकड़ने और सुरक्षा बढ़ाने की अपील की है। वहीं, डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने बताया कि जांच में सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराधी की पहचान की जाएगी और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।