घुमारवीं(बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं के साथ लगती पंचायत लुहारवीं के गांव नैण जलौन में घर के साथ लगती सड़क पर पार्क की गई गाड़ी चोरी हो गई है। यह कार धर्म सिंह की थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार धर्म सिंह ने शाम को करीब आठ बजे अपने घर से थोड़ी दूर सड़क पर उक्त कार पार्क की थी। सुबह लगभग 11 बजे के करीब देखा तो गाड़ी वहां पर नहीं थी।
हालांकि गाड़ी के मालिक धर्म सिंह ने पहले सब जगह अपने प्रयास कर गाड़ी को तलाश किया लेकिन गाड़ी का कहीं कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
वहीं इसी गांव के कुछ अन्य लोगों ने एक शिकायत पत्र एसडीएम घुमारवीं को भी दिया था कि नैण गांव की सड़क पर अकसर नशेड़ियों का अड्डा लगा रहता है। लोगों ने पुलिस से उक्त क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
डीएसपी राजेंद्र कुमार जसवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि कार चोरी की शिकायत थाना में आई है जिस पर कार्रवाई की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कार चोर जल्द ही पुलिस की पकड़ में होंगे।