किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर धराड़सानी में हुआ हादसा । स्रोत : संवाद
- घायलों में एक परिवार के पांच सदस्य शामिल
- पांचों घायलों को एम्स में चल रहा उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। झंडूता थाना के तहत धराड़सानी में किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर कार और पिकअप की टक्कर हो गई। हादसे में एक परिवार के पांच सदस्यों सहित 6 लोग घायल हो गए। पांच लोगों का एम्स में उपचार चल रहा है।
हादसा वीरवार सुबह हुआ। पंजाब की ओर से आ रही एक कार ने फोरलेन किनारे खड़ी पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार में बैठे पांच लोग और पिकअप में बैठा चालक घायल हो गए। कार सवार पंजाब में शादी समारोह में भाग लेकर वापस घर जा रहे थे। घायलों को मौके पर मौजूद लोगों ने एम्स पहुंचाया। पिकअप चालक को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जबकि अन्य पांच एम्स बिलासपुर में भर्ती हैं। एक महिला की स्थिति गंभीर है। घायलों की पहचान बबली देवी, रेखा देवी, संध्या देवी, दीपिका, विनोद कुमार सभी निवासी लदरौर जिला हमीरपुर और अक्षय कुमार निवासी बिलासपुर के रूप में हुई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी ने बताया कि आगामी कार्रवाई की जा रही है।