भरतपुर मुक्तिधाम में पौधरोपण करते श्री मुक्तिधाम निर्माण समिति के सदस्य। स्रोत: समिति
पाल्म ट्री समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए, अगले चरण में भव्य मंदिर निर्माण की योजना
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। श्री मुक्तिधाम निर्माण समिति भरतपुर, बिलासपुर की ओर से श्मशानघाट परिसर में पौधरोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत परिसर में विकसित पार्क और अन्य स्थानों पर छायादार, फलदार और औषधीय पौधे लगाए गए। समिति के सचिव ओम प्रकाश गर्ग की अगुवाई में आयोजित इस अभियान में समिति के सदस्यों के साथ कई समाजसेवियों ने भी श्रमदान कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
समिति के प्रवक्ता अनीश ठाकुर ने बताया कि पिछली बैठक में बरसात के मौसम में मुक्तिधाम परिसर को हराभरा बनाने के उद्देश्य से पौधरोपण करने का निर्णय लिया गया था। इसी के तहत पाल्म ट्री सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उन्होंने बताया कि परिसर को अधिक सुविधाजनक और सुंदर बनाने के लिए पहले टाइलें भी बिछाई गई हैं, जिससे बरसात के दौरान आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि टाइलें लगवाने में व्यवसायी शेखर शारदा तथा पौधों की व्यवस्था कराने में व्यवसायी ललित डोगरा का महत्वपूर्ण सहयोग रहा, जिसके लिए समिति ने उनका आभार व्यक्त किया। अनीश ठाकुर ने कहा कि मुक्तिधाम को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का कार्य लगातार जारी है और अगले चरण में यहां भव्य मंदिर का निर्माण भी प्रस्तावित है। उन्होंने समाजसेवियों और धर्म प्रेमियों से इस जनहित कार्य में सहयोग देने की अपील की। सचिव ओम प्रकाश गर्ग ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अभिषेक मिश्रा, संजीव शारदा, महिपाल सांख्यान, सुरेश नड्डा, कमलेंद्र कश्यप, मदन गुप्ता, शेखर शारदा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।