बिलासपुर बस अड्डा पर रूट बंद होने के कारण खड़ी बसें।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। कोरोना के चलते जिले में रविवार को आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को छोड़कर बाजार बंद रहे। वहीं बिलासपुर में लोकल रूटों पर करीब 80 बसें नहीं दौड़ीं। कोरोना के कारण सवारी न के बराबर मिल रही हैं। इसके चलते हिमाचल पथ परिवहन के बिलासपुर डिपो ने लोकल रूटों पर कम ही बसें भेजीं। लुधियाना और अमृतसर के भी तीन बस रूट बंद रहे। जबकि दिल्ली और हरिद्वार रूट पर एक-एक बस चल रही है।
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने जहां पाबंदियां लगानी शुरू कर दी हैं, वहीं लोगों ने भी घरों से बाहर निकलना कम कर दिया है। इसके चलते सरकारी बसों को सवारी नहीं मिल पा रही है। सोमवार से शुक्रवार तक 84 लोकल रूटों पर लगातार बसें दौड़ाई जाती हैं, लेकिन हर बस को मात्र तीन से चार सवारी ही मिल रही है। हालात यह हैं कि डीजल का खर्चा भी नहीं निकल रहा है। रविवार को जिले में 80 लोकल रूट बंद रहे। पंजाब में कर्फ्यू के कारण लुधियाना और अमृतसर के भी तीन रूट बंद रहे। जबकि दिल्ली और हरिद्वार को एक-एक बस चल रही है।
रविवार को हिमाचल पथ परिवहन निगम ने 84 रूटों में से मात्र 4 लोकल रूटों पर ही बसें चलाईं। निगम के क्षेत्रीय अधिकारी किशोरी लाल यादव ने बताया कि नाममात्र ही सवारी मिल रही है। कोरोना से पहले बिलासपुर से दिल्ली के लिए तीन और हरिद्वार के लिए दो बसें भेजी जाती थीं। लेकिन इन रूटों पर सवारियां न होने के कारण दोनों रूटों पर एक-एक बस चल रही है। आरएम ने बताया कि सोमवार से सभी रूट सुचारु रूप से चलेंगे। फिलहाल जिले के लोकल रूटों को बंद नहीं किया जाएगा।