यात्रियों की संख्या और आय के आधार पर होगा आकलन
हमीरपुर मंडल ने जारी किए आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बंदला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बस सेवा बहाल होने से राहत मिली है। हिमाचल पथ परिवहन निगम ने बिलासपुर-सिहड़ा-बंदला-ब्रह्मपुखर रूट पर प्रभावित बस सेवा को 15 दिन के ट्रायल के आधार पर बहाल कर दिया है। हमीरपुर मंडल के मंडलीय प्रबंधक ने 13 अक्तूबर को इस संबंध में आदेश जारी कर बिलासपुर के मंडलीय प्रबंधक (तकनीकी) को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। ट्रायल अवधि के दौरान बस में यात्रियों की संख्या, आय और प्रति किलोमीटर अर्जित राजस्व का नियमित आकलन किया जाएगा। इसके बाद बस सेवा की उपयोगिता के आधार पर आगामी निर्णय लिया जाएगा।
हमीरपुर मंडल की ओर से जारी कार्यालय ज्ञापन में बिलासपुर से सिहड़ा और वापस आने वाली बस सेवा के प्रभावित हिस्से को बहाल करने का उल्लेख किया गया है। आदेश के अनुसार, 15 दिन की ट्रायल अवधि पूरी होने पर बस सेवा के संचालन और व्यवहार्यता से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट हमीरपुर मंडल कार्यालय को भेजनी होगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। बंदला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बस सेवा प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने बिलासपुर-बंदला-ब्रह्मपुखर रूट पर सुबह और शाम की बस सेवा पूर्व की तरह बहाल करने की मांग उठाई थी। इसको लेकर ग्रामीणों ने पहले उपायुक्त बिलासपुर को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद ग्रामीण एचआरटीसी वर्कशॉप पहुंचे और मंडलीय प्रबंधक के नाम कार्यालय अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा था।