तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बची महिला
हादसे के बाद डंडे हाथ में लेकर ग्रामीणों से उलझने लगे नशेड़ी
माफी मांगकर जान बचाकर गांव से निकले युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना क्षेत्र के तलवाड़ा इलाके में नशेड़ी युवकों की ग्रामीणों ने जमकर धुनाई कर दी। जानकारी के अनुसार तलवाड़ा सड़क पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक राहगीर महिला बाल-बाल बच गई। लोगों ने बताया कि कार अत्यधिक तेज रफ्तार से दौड़ रही थी और चालक ने वाहन को बेहद लापरवाही से चलाया।
घटना के समय ग्रामीण सड़क पर इकट्ठा थे और हादसे को देख रहे थे। तभी तीन युवक अपनी कार को दूसरी जगह खड़ी कर हाथों में डंडा लेकर वहां आ पहुंचे। ग्रामीणों ने जब युवकों से बात की तो वे उलझने लगे। युवक नशे में थे और ग्रामीणों को शक हुआ कि उन्होंने चिट्टा का सेवन किया हुआ है। बताया जा रहा है कि यह युवक नजदीकी एक अन्य युवक से चिट्टा खरीदने आए थे। इसके बाद ग्रामीणों ने युवकों की जमकर धुनाई की। इस दौरान युवाओं में से दो ने माफी मांगते हुए दोबारा इलाके में न आने की बात कही और अपनी जान बचाई। लोगों ने उस युवक के घर भी पहुंचने की कोशिश की, जिस पर चिट्टा बेचने का शक था। हालांकि वह घर पर मौजूद नहीं था। नाम न छापने की शर्त पर ग्रामीणों ने बताया कि वे अपने क्षेत्र में नशे के जहर को पनपने नहीं देंगे। कहा कि यह युवक बार-बार इस क्षेत्र में तेज रफ्तार कार चलाते हुए और नशा करने के लिए आते हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।