मोबाइल लोकेशन से पहुंची पुलिस, शेड-1 के पास मिला शव
एफएसएल टीम ने किया निरीक्षण, आज होगा पोस्टमार्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। थाना भराड़ी क्षेत्र में दर्ज गुमशुदगी के एक मामले में लापता युवक का शव सदर थाना के तहत कोसरियां पंचायत के इको पार्क के पास बरामद हुआ। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर सर्च अभियान चलाकर शव को ढूंढ निकाला। मृतक की पहचान रंजीत (37) पुत्र रमेश कुमार, निवासी गांव भोली, डाकघर जुखाला बिलासपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रंजीत की गुमशुदगी थाना भराड़ी में दर्ज की गई थी। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन की लोकेशन थाना सदर क्षेत्र में ट्रेस हुई। इसके आधार पर पुलिस ने संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान इको पार्क के शेड-1 के समीप युवक का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने प्रारंभिक जांच में आशंका जताई है कि युवक की मौत पहाड़ी से गिरने के कारण हुई हो सकती है। एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने कहा कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दे दी है। शव का पोस्टमार्टम वीरवार को कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।