घुमारवीं अस्पताल में बल्ड यूनिट के कमरे के बाहर लगा ताला।
- फोटो : BILASPUR
घुमारवीं(बिलासपुर)। जिला में बिलासपुर अस्पताल के बाद घुमारवीं अस्पताल में खुलने वाली आधुनिक ब्लड यूनिट बेशक तैयार है। लेकिन कई महीनों से उद्घाटन का इंतजार कर रही यूनिट के कमरे में ताला जड़ा हुआ है और लाखों की मशीनरी धूल फांक रही हैं। यह ब्लड यूनिट लगभग आठ लाख रुपये लागत की आधुनिक मशीनरी से लैस है। जिससे क्षेत्र के लोगों के लिए बहुत बड़ी सुविधा उपलब्ध होने वाली है। बीएमओ के अनुसार यह इकाई मार्च 2020 में सक्रिय होने वाली थी। इसकी सारी तैयारी भी कर ली गई थी, लेकिन लॉकडाउन के कारण इकाई का उद्घाटन नहीं हो सका।
बता दें कि पहले जिला में केवल जिला अस्पताल में ही एक ही ब्लड बैंक था। अब घुमारवीं अस्पताल में यह सुविधा उपलब्ध हो जाने से जिला अस्पताल का बोझ कम होगा तथा क्षेत्र के लोगों को घर द्वार सुविधा उपलब्ध होगी। बताते चलें कि घुमारवीं अस्पताल में तीन विधानसभाओं के लोग इस अस्पताल में निर्भर है। इसके आलावा मंडी के लोग जो बिलासपुर सीमा के साथ लगते हैं वह भी अपना रूख इस अस्पताल की ओर करते हैं।
घुमारवीं, सदर विधानसभाओं की पैंतालीस पंचायतों के अलावा झंडूता तथा मंडी के हटली क्षेत्र के लोग भी इस ब्लड यूनिट के स्थापित होने से लगभग एक लाख से ज्यादा लाभान्वित होंगे। लेकिन यूनिट तैयार होने के बाद भी इसका शुभारंभ नहीं किया जा रहा है। जिससे लोगों को इसकी सुविधा नहीं मिल रही है।
घुमारवीं व आसपास के क्षेत्र के लोगों को जब भी ब्लड की जरूरत होती है। उनको बिलासपुर अस्पताल ही जाना पड़ता है। जिससे लोगों का पैसा और समय बरबाद होता है। घुमारवीं अस्पताल में यह ब्लड यूनिट शुरू हो जाने से लाखों लोगों की इस सुविधा का लाभ मिलेगा। बीएमओ अभिनीत शर्मा ने कहा कि अस्पताल में ब्लड यूनिट पूरी तरह से स्थापित की जा चुकी हैं। कोविड महामारी की व्यस्तता के कारण यह शुरू नहीं हो पाई है। शीघ्र ही इसे शुरू कर दिया जाएगा। जिससे क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी।