संभाजयुमो ने शुरू की सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। भाजयुमो सदर मंडल इकाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में होने वाले सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं। वीरवार को भाजयुमो सदर मंडल अध्यक्ष अक्षय ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल और भाजपा सदर मंडल अध्यक्ष हंसराज ठाकुर विशेष तौर पर मौजूद रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजयुमो जिला इकाई की ओर से रक्तदान शिविर लगाया जाएगा, जिसमें सदर विधानसभा क्षेत्र से लगभग 100 युवा रक्तदान करेंगे। इसके अलावा 21 सितंबर को मैराथन होगी। कार्यक्रमों की बेहतर व्यवस्था के लिए सदर विधानसभा क्षेत्र के सभी 101 बूथों पर प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक त्रिलोक जमवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश तेजी से चहुंमुखी विकास की राह पर अग्रसर है और भारत ने विश्व पटल पर नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विश्वास, सबका प्रयास और सबका विकास’ के मंत्र के साथ कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं, जिनका लाभ करोड़ों लोग उठा रहे हैं। त्रिलोक जमवाल ने याद दिलाया कि हाल ही में बरसात के दौरान आई प्राकृतिक आपदा का खुद जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री मोदी हिमाचल आए और आपदा पीड़ितों से मिले। उसके बाद उन्होंने राज्य को 1500 करोड़ रुपये का विशेष सहायता पैकेज प्रदान कर यह साबित किया कि हिमाचल को वह अपना दूसरा घर मानते हैं। बैठक में भाजपा जिला प्रवक्ता विकास भारद्वाज, युवा मोर्चा प्रदेश सचिव रोहित ठाकुर सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।