श्री नयना देवी जी में प्रदर्शन करते भाजपा कार्यकर्ता। संवाद
सरकार के खिलाफ की नारेबाजी, अस्पताल का निर्माण पूरा करने और डॉक्टरों के पद भरने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। श्री नयना देवी में चिकित्सा सुविधाओं को लेकर भाजपा ने शनिवार को प्रदेश सरकार के खिलाफ सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। विधायक रणधीर शर्मा की अगुवाई में हुए प्रदर्शन में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्रीय अस्पताल श्री नयना देवी का अधूरा निर्माण कार्य जल्द पूरा करने और अस्पतालों में खाली पड़े चिकित्सकों के पद भरने की मांग उठाई। विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि श्री नयना देवी का क्षेत्रीय अस्पताल सरकारी अनदेखी का शिकार है। उनके अनुसार अस्पताल का करीब 70 प्रतिशत निर्माण कार्य भाजपा सरकार के कार्यकाल में पूरा हो चुका था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में अस्पताल के बजट के लिए सरकारी खजाने से कोई राशि जारी नहीं की गई। रणधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने अस्पताल के निर्माण के लिए 9.50 करोड़ रुपये जारी किए थे। इसके बाद मंदिर न्यास की ओर से करीब 10 करोड़ रुपये दिए जाने के बावजूद अस्पताल का निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है। उन्होंने सरकार से शेष कार्य जल्द पूरा करने की मांग की, ताकि घवांडल में जर्जर भवन में चल रहे सिविल अस्पताल को नए भवन में स्थानांतरित किया जा सके।
विधानसभा क्षेत्र में 13 चिकित्सकों के पद खाली होने का दावा
विधायक ने क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि घवांडल अस्पताल में चिकित्सकों के 10 पद स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से सात खाली हैं। स्वारघाट अस्पताल में कोई डॉक्टर नहीं है, जबकि पीएचसी मलोखर में भी चिकित्सक का पद खाली चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि श्री नयना देवी विधानसभा क्षेत्र में चिकित्सकों के कुल 13 पद रिक्त हैं। उन्होंने सरकार से इन पदों को जल्द भरने की मांग की, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।