संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। प्रदेश युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रभारी रजनीश मेहता ने कहा भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पार्टी को छल कपट से गिराने का प्रयास किया। इसमें भाजपा के लोग विफल हो गए।
मेहता ने कहा कि जनता ने पांच साल का कार्यकाल कांग्रेस पार्टी को दिया है। कांग्रेस पांच साल का कार्यकाल पूरा करके दोबारा सत्ता में आएगी। भाजपा के नेताओं को हल्की और ओछी राजनीति करने से बाज आ जाना चाहिए। कहा कि जो छह विधायक कांग्रेस पार्टी से चुन कर आए थे, लोगों ने कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी होने के नाते इन्हें विधायक बनाया था। इन लोगों ने पार्टी के साथ भीतरघात और लोगों के विश्वास के साथ खिलवाड़ किया है। आने वाले समय में लोग इनको सही आइना दिखाएंगे। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू योद्धा हैं और पूरी युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी के नेतृत्व में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़ी है। भाजपा लोकतंत्र और जनमत के साथ खिलवाड़ करने से बाज आए अन्यथा जनता भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देगी।