उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
टोल में बढ़ोतरी का जताया विरोध, निर्णय वापस लेने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। प्रदेश सरकार द्वारा टोल दरों में की गई बढ़ोतरी के विरोध में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी ने विधायक रणधीर शर्मा के नेतृत्व में रोष रैली निकाली। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए टोल वृद्धि को तुरंत वापस लेने की मांग उठाई।
रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंची, जहां भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया है कि टोल दरों में बेतहाशा वृद्धि से आम जनता, ट्रांसपोर्टरों और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को पहले ही आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अब टोल दरों में वृद्धि से उनका आना-जाना और महंगा हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉमर्शियल वाहनों पर एंट्री टैक्स और टोल में बढ़ोतरी से ट्रांसपोर्टरों को सीधा नुकसान होगा, जिसका असर रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ेगा और महंगाई बढ़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों पर अतिरिक्त बोझ पड़ने से पर्यटन उद्योग प्रभावित होगा, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ेगा। भाजपा ने मांग की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सरकार टोल वृद्धि का निर्णय तुरंत वापस ले। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष कृष्ण लाल, मान सिंह, सोनल शर्मा सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।