जमथल गांव में कौवों को दफनाते रैपिड रिस्पांस टीम के सदस्य।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। जिले के जमथल गांव में बुधवार को एक जगह करीब 20 कौवों के मरे मिलने के बाद वीरवार को उसी जगह पांच और कौवे मरे हुए मिले। इससे विभाग भी सकते में है। पशुपालन विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों को पशुओं को चौगान में न छोड़ने की हिदायत भी जारी की है।
गौरतलब है कि विभाग की टीम ने एक दिन पहले जमथल में बर्ड फ्लू के 12 सैंपल भरे हैं। इन्हें टेस्ट के लिए जालंधर भेजा गया है। टेस्ट की रिपोर्ट आने में तीन से चार दिन का समय लगेगा। प्रदेश में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद बिलासपुर के जमथल में बुधवार को कौवे मरे मिले थे। वीरवार को भी पांच मृत कौवे मिलने से प्रशासन और पशुपालन विभाग सहित लोगों की नींद उड़ गई है। लोगों को संदेह है कि क्षेत्र में बर्ड फ्लू ने पैर पसारना शुरू कर दिया है। यही कारण है कि यहां पर इतनी संख्या में कौवे मर रहे हैं। इस घटना को देखते हुए पशुपालन विभाग ने रेपिड रिस्पांस टीम क्षेत्र में तैनात कर दी है। अगर हालात बिगड़ते हैं तो उन पर समय रहते काबू पाया जा सके।
पशुपालन विभाग के जिला उप निदेशक डॉ. लाल गोपाल ने कहा कि वीरवार को भी जमथल में कुछ और कौवे मृत मिले हैं। हालात को देखते हुए लोगों को एहतियात बरतने की हिदायत दी गई है। जब तक जालंधर भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट नहीं आ जाती है तब तक सभी को सतर्क रहना होगा। उन्होंने कहा कि विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम मौके पर तैनात है। टीम किसी भी परिस्थिति से निपटने में सक्षम है। टीम के पास सभी जरूरी उपकरण और दवाइयां और पीपीई किट मौजूद है।