बास्केटबाल में कांस्य पदक जीतने वाली बिलासपुर की टीम। स्रोत: टीम प्रबंधन
35वीं अंडर-14 राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन
घुमारवीं पहुंचने पर खिलाड़ियों का हुआ स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। 35वीं अंडर-14 राज्य स्तरीय बालक एवं बालिका वर्ग बास्केटबाल ओपन प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर लौटी बिलासपुर की बालिका टीम का घुमारवीं पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों का स्वागत अभिभावकों, खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं के साथ किया तथा उनकी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंडी में 24 से 26 जुलाई तक आयोजित प्रतियोगिता में जिला बिलासपुर की बालिका टीम ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। तीसरे स्थान के मुकाबले में टीम ने जीएनएमपीएस सिरमौर को 31-21 के अंतर से हराकर कांस्य पदक और ट्रॉफी अपने नाम की। खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, अनुशासित खेल और शानदार प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन किया। कांस्य पदक विजेता टीम में त्रिशा, ईदीका, अन्याया, कीर्ति, कशिश, राधिका, पलक, शिवानी, आराध्या, हर्षिता, एंजल तथा राधिका (द्वितीय) शामिल रहीं। सभी खिलाड़ी छात्राओं ने प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। टीम की सफलता में प्रशिक्षक प्रेम कुमार गौतम तथा सुशील कुमार की भूमिका भी सराहनीय रही। दोनों प्रशिक्षकों ने खिलाड़ी छात्राओं को प्रतियोगिता के लिए बेहतर ढंग से तैयार किया और प्रभावी रणनीति के साथ उनका मार्गदर्शन किया, जिसका परिणाम कांस्य पदक के रूप में सामने आया।घुमारवीं पहुंचने पर खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। खेल प्रेमियों ने कहा कि टीम ने अपनी मेहनत और लगन से जिला बिलासपुर का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।