श्री नयना देवी जी में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु। संवाद
श्रावण अष्टमी मेले के चलते मंदिर परिसर में लगी कतारें
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी मंदिर में मंगलवार को करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने मां भगवती के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। श्रावण अष्टमी मेले के चलते सुबह से ही मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां नयना देवी के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर न्यास और जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा, जबकि मंदिर परिसर में सफाई, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गईं। मंदिर अधिकारी चतर सिंह रनौत ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की है।