फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: उत्तर भारत का बड़ा हार्ट सेंटर बनेगा बिलासपुर का एम्स

Thu, 05 Feb 2026 11:33 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
डिजिटल न चलाएं
विज्ञापन

अब हिमाचल में ही होंगे ओपन हार्ट और बाईपास ऑपरेशन
दो करोड़ से अधिक के अत्याधुनिक उपकरणों की खरीद के लिए टेंडर जारी

संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान बिलासपुर जल्द ही दिल की जटिल से जटिल सर्जरी करने में सक्षम हो जाएगा। संस्थान ने अपने कार्डियोथोरेसिक और वैस्कुलर सर्जरी, क्रिटिकल केयर विभाग को विश्वस्तरीय बनाने की तैयारी पूरी कर ली है। इसके तहत संस्थान ने 2200 से अधिक विशेष लाइफ-सपोर्ट और सर्जिकल उपकरणों की खरीद के लिए ग्लोबल टेंडर जारी कर दिया है। यह संस्थान की बड़ी कवायद मानी जा रही है।
इस कदम से अब हिमाचल के मरीजों को ओपन हार्ट सर्जरी, बाईपास और वाल्व रिप्लेसमेंट जैसे बड़े इलाजों के लिए चंडीगढ़ पीजीआई या दिल्ली एम्स की लंबी कतारों में नहीं फंसना होगा। संस्थान ने हार्ट-लंग मशीन के लिए विशेष ट्यूबिंग पैक और एओर्टिक कैनुला की मांग की है। ये उपकरण सर्जरी के दौरान शरीर में रक्त संचार को कृत्रिम रूप से संचालित करते हैं, जिससे सर्जन सुरक्षित तरीके से दिल का ऑपरेशन कर पाते हैं। सबसे बड़ी राहत उन माता-पिता के लिए है जिनके बच्चों के दिल में छेद है या कोई जन्मजात बीमारी है। एम्स ने विशेष तौर पर पीडियाट्रिक (शिशु रोग) साइज के उपकरण मांगे हैं। अभी तक ऐसे बच्चों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया जाता था, जहां महीनों की वेटिंग मिलती थी। अस्पताल ने अत्याधुनिक एंटी-बैक्टीरियल और सिल्वर इम्प्रेग्नेटेड कैथेटर्स मंगवाए हैं। ये कैथेटर शरीर के भीतर संक्रमण फैलने से रोकते हैं, जिससे आईसीयू में भर्ती मरीजों की जान बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। एम्स प्रबंधन ने यह टेंडर अगले दो साल की जरूरतों को ध्यान में रखकर जारी किया है। इससे अस्पताल में कभी भी जरूरी सामान की कमी नहीं होगी और मरीजों के ऑपरेशन समय पर हो सकेंगे। बताते चलें कि वर्तमान में हिमाचल, पंजाब के कुछ हिस्सों और लद्दाख के अधिकांश हार्ट पेशेंट चंडीगढ़ पीजीआई पर निर्भर हैं। बिलासपुर एम्स में इन सुविधाओं के शुरू होने से न केवल हिमाचल के 70 लाख लोगों को लाभ मिलेगा, बल्कि पड़ोसी राज्यों के मरीजों का दबाव भी कम होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

इनसेट
मेक इन इंडिया को प्राथमिकता
टेंडर की शर्तों में घरेलू निर्माताओं मेक इन इंडिया को प्राथमिकता दी गई है, जिससे न केवल इलाज सस्ता होगा बल्कि देश के चिकित्सा उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा। संस्थान के अधिकारियों के अनुसार यह खरीद प्रक्रिया एम्स को पूरी तरह से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। अस्पताल प्रबंधन का लक्ष्य है कि आने वाले महीनों में यहां कार्डियक ओटी (ऑपरेशन थिएटर) को पूरी क्षमता के साथ शुरू कर दिया जाए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें