रन फॉर यूनिटी के आयोजन को लेकर बैठक में मौजूद भाजपा, भाजयुमो के पदाधिकारी और अन्य। स्रोत: भाजपा
कल सुबह साढ़े सात बजे होगी शुरुआत, 800 से अधिक कार्यकर्ता होंगे शामिल
विधायक त्रिलोक जमवाल करेंगे कार्यक्रम का संयोजन, युवा मोर्चा को सौंपी गई जिम्मेदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अखंड भारत के शिल्पकार और लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्तूबर को बिलासपुर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन होगा। इस अवसर पर जिलेभर से लगभग 800 कार्यकर्ता भाग लेंगे।
कार्यक्रम भाजपा की ओर से होगा। संयोजक सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल और सह संयोजक जिला महासचिव नवीन शर्मा होंगे। कार्यक्रम की जिम्मेदारी भारतीय जनता युवा मोर्चा को सौंपी गई है। इस संबंध में बुधवार को भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्ण लाल चंदेल की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें तय हुआ कि ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम सुबह साढ़े सात बजे शुरू होगा। इसमें जिले के सभी मंडलों से 100-100 युवा कार्यकर्ता भाग लेंगे। भाजपा जिला प्रभारी पायल वैद्य सहित पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भी इस अवसर पर मौजूद रहेगा। युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रामपाल चौधरी और महासचिव विनोद ठाकुर ने बताया कि युवाओं में कार्यक्रम को लेकर जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि यह दौड़ न केवल सरदार पटेल के ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ के संदेश को दोहराएगी, बल्कि युवाओं को नशे और अन्य बुरी आदतों से दूर रहने की प्रेरणा भी देगी, ताकि वे अपनी ऊर्जा देश और समाज के निर्माण में लगा सकें।