बिलासपुर। राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्रा वर्ग की स्कूली बास्केटबॉल प्रतियोगिता में बिलासपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सिरमौर के मानपुरा गोदरा में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में बिलासपुर ने मंडी को 54-29 से हराया। इससे पहले टीम ने हमीरपुर को 58-37 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई थी। बिलासपुर बास्केटबॉल संघ के महासचिव राजकुमार राणा ने टीम की जीत पर खुशी जताई। उन्होंने टीम कोच अश्वनी कुमार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और बेहतर प्रदर्शन से यह उपलब्धि हासिल हुई है। पिछले वर्ष बिलासपुर की टीम प्रतियोगिता में उपविजेता रही थी। उन्होंने बताया कि बिलासपुर बास्केटबॉल संघ की ओर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।