बिलासपुर जिले के उपमंडल झंडूता की ग्राम पंचायत बलोह के गांव बलोह में शनिवार सुबह खेतों में एक संदिग्ध पाकिस्तानी गुब्बारा देखा गया। गुब्बारे पर पाकिस्तान एयरलाइन लिखा गया था जिससे क्षेत्र में हलचल मच गई। स्थानीय निवासी राजकुमार ने बताया कि सुबह के समय खेतों में काम कर रहे लोगों की नजर इस गुब्बारे पर पड़ी।
उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस थाना तलाई को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और गुब्बारे को बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया। स्थानीय निवासी बलोह राजेश गौतम ने बताया कि आज हमारी ग्राम पंचायत बलोह में एक पाकिस्तानी गुब्बारा मिला है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि है कि इसकी जांच करवाई जाए। यह एक हवाई जहाज के आकार का गुब्बारा है, जिस पर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइन लिखा स्पष्ट दिख रहा है।