पहले से पकड़े गए दो आरोपियों की निशानदेही पर की कार्रवाई
एसपी बोले, नशा तस्करों पर जारी रहेगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। 21.12 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामदगी मामले में बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले की बैकवर्ड लिंकेज जांच के दौरान पंजाब से मादक पदार्थ के मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर की गई। मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी हैं।
जानकारी के अनुसार स्पेशल डिटेक्शन टीम ने 18 जुलाई को नाकाबंदी के दौरान 21.12 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इस संबंध में थाना स्वारघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले में उमेश निवासी गांव गांधी रोपा, डाकघर बैरी राजदियां अजय सिंह निवासी गांव दली, डाकघर कंदरौर को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान आरोपियों की निशानदेही, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। बैकवर्ड लिंकेज खंगालने पर मादक पदार्थ के मुख्य सप्लायर की पहचान पंजाब के रूपनगर जिले के श्री आनंदपुर साहिब क्षेत्र के गंगूवाल निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम ने पंजाब में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है।
कोट
21.12 ग्राम चिट्टा बरामदगी मामले में बैकवर्ड लिंकेज जांच के दौरान पंजाब से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच जारी है और नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता भी खंगाली जा रही है।
-अभिषेक धीमान,पुलिस अधीक्षक,बिलासपुर