बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने मंडी जिला के धर्मपुर के तीन युवकों से 11 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने इंस्पेक्टर भूपेंद्र की अगुवाई में थाना सदर के पास चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाका लगाया था। पुलिस ने सदर थाना में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर चारों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस एनएच पर आने जाने वाले वाहनों की जांच कर रही थी। तभी बिलासपुर की तरफ से एक कार मंडी जा रही थी। जिसमें तीन लोग बैठे थे। पुलिस ने कार को तलाशी के लिए रोका। तलाशी के दौरान 11 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान धर्मपुर के बाल करण (22), शशि शर्मा (30), धर्मपुर, तरुण (32) धर्मपुर मंडी के रूप में हुई है। सभी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी बिलासपुर दिवाकर शर्मा ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी दिल्ली से चिट्टा लेकर धर्मपुर जा रहे थे। वहीं तीनों को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस नशा माफिया पर शिकंजा कस रही है।