दसगांव स्कूल में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान आपदा प्रबंधन की जानकारी देते होमगार्ड के जवान।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दसगांव में अग्निशमन और गृह रक्षा विभाग ने मॉकड्रिल का आयोजन किया। इसमें स्कूली बच्चों को आपदा प्रबंधन की जानकारी दी। प्रदेश होमगार्ड की आपदा प्रबंधन टीम के सदस्यों ने भूकंप प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए विविध उपक्रमों का क्रियात्मक पूर्वाभ्यास करवाया।
मॉकड्रिल में होमगार्ड चमन, बलदेव, कमांडर बाबू राम ने मानव समूह को राहत पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। अग्निशमन विभाग के एलएफएम धनीराम ने बताया कि जल, अग्नि हमारे दैनिक जीवन के उपयोगी तत्व हैं, परंतु कई बार लापरवाही या भूलचूक से अग्नि विनाशक भी बन जाती है।
अग्निकांड के कारण अनेक बार भगदड़ मचने या धुएं के कारण जान की हानि होती है। अग्नि प्रशामक अनिल कुमार ने आग के फैलने और बुझाने के विभिन्न तरीकों की व्यावहारिक जानकारी विद्यार्थियों को दी। स्कूल प्रधानाचार्य राकेश शर्मा ने विद्यार्थियों से आपदा प्रबंधन की जानकारी को जीवन में अमल में लाने का आह्वान किया।
कहा कि आपदाओं से निपटने के लिए जितना अच्छा आपदा प्रबंधन होगा, उतना ही कम जान का नुकसान होगा। इस अवसर पर कुलदीप शांडिल्य, केशव प्रसाद, बलदेव, जितेंद्र, राकेश कुमार, रितेश गिनी, मीना देवी, सुकी, आरती, लता ठाकुर और स्टाफ के सदस्य मौजूद रहे।