भोपाल रवाना होने से पहले उपस्थित खिलाड़ी।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। भोपाल में होने जा रही राष्ट्रीय जूनियर कायकिंग एंड कनोइंग चैंपियनशिप के लिए हिमाचल प्रदेश की टीम भोपाल के लिए रवाना हो गई। टीम को बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं देते हुए जिला कायकिंग एंड कनोइंग एसोसिएशन ने किट प्रदान की।
पदक हासिल करने की उम्मीद जताई। हिमाचल प्रदेश की इस जूनियर टीम का भोपाल जाने से पूर्व बिलासपुर की गोविंदसागर झील में 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया गया। इसमें सभी खिलाड़ियों को कयाकिंग और कैनोइंग के गुर सिखाए गए। जल क्रीड़ा केंद्र प्रभारी जमुना ठाकुर ने बताया कि सभी खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण शिविर के दौरान बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
उन्हें उम्मीद है कि हिमाचल प्रदेश की जूनियर टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी अपना बेहतर प्रदर्शन करेगी। कायकिंग एंड कनोइंग एसोसिएशन के जिला प्रधान कमल गौतम ने कहा कि राज्य संघ के निर्देशानुसार सभी खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट प्रदान की गई है।
कहा कि आने वाले समय में राज्य और केंद्र सरकार के सहयोग से बिलासपुर की गोविंदसागर झील और कोलडैम झील में वाटर स्पोर्ट्स की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जल्द ही बिलासपुर की इन दो बड़ी झीलों में वाटर स्पोर्ट्स से जुड़ी अन्य खेलों की योजनाएं बनाने के लिए विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा ताकि भविष्य का संभावित खाका तैयार किया जा सके। संवाद